29 अगस्त से 1 सितंबर तक ‘चेकमेट एट जशपुर-26’, देशभर के खिलाड़ी होंगे शामिल


शहर 19 August 2026
post

29 अगस्त से 1 सितंबर तक ‘चेकमेट एट जशपुर-26’, देशभर के खिलाड़ी होंगे शामिल

जशपुर में पहली बार ‘चेकमेट एट जशपुरदृअखिल भारतीय ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग तथा जशपुर जिला शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली यह प्रतियोगिता 29 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक पुरानी टोली स्थित कम्युनिटी हॉल में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ सहित देशभर के शतरंज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खिलाडि़यों के लिए कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है।
मुख्य श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 50 हजार रुपये एवं ट्रॉफी, द्वितीय स्थान प्राप्त खिलाड़ी को 30 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ी को 20 हजार रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न रेटिंग वर्गों, महिला, वरिष्ठ, आयु वर्ग तथा जशपुर और सरगुजा संभाग के खिलाडि़यों के लिए भी विशेष पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रतियोगिता में कुल आठ चक्र होंगे और मुकाबले फिडे के नियमों के अनुसार स्विस प्रणाली से खेले जाएंगे।

पिछले विजेताओं ने खिलाडि़यों को दिया जशपुर आने का न्योता’
पिछले वर्ष जशपुर में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता के मुख्य श्रेणी के विजेता स्पर्श खंडेलवाल ने देशभर के खिलाडि़यों से ‘चेकमेट एट जशपुर 2026’ में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष वे प्रतियोगिता के विजेता रहे थे और इस वर्ष भी 29 अगस्त से 1 सितंबर तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि जशपुर में हर वर्ष शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन होना खुशी की बात है और उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में यह आयोजन और भी बड़ा स्वरूप लेगा।

पिछले वर्ष के प्रथम रनर-अप वी. विराट अय्यर ने भी खिलाडि़यों को जशपुर आने का न्योता दिया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जशपुर में आयोजित राज्य स्तरीय ओपन शतरंज प्रतियोगिता में प्रथम रनर-अप रहते हुए उन्हें 21 हजार रुपये का पुरस्कार मिला था। इस वर्ष आयोजित अखिल भारतीय फिडे रेटेड शास्त्रीय शतरंज प्रतियोगिता में फिर शामिल होने की बात कहते हुए उन्होंने खिलाडि़यों से जशपुर पहुंचकर प्रतियोगिता का हिस्सा बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि जशपुर की खूबसूरत वादियां, सुहाना मौसम और शतरंज का रोमांच खिलाडि़यों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा।

2200 से अधिक फिडे रेटिंग वाले खिलाडि़यों के लिए प्रवेश निःशुल्क’
प्रतियोगिता में ग्रैंडमास्टर, इंटरनेशनल मास्टर, महिला ग्रैंडमास्टर, महिला इंटरनेशनल मास्टर तथा 2200 या उससे अधिक फिडे रेटिंग वाले खिलाडि़यों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। जशपुर जिले के खिलाडि़यों के लिए प्रवेश शुल्क 200 रुपये, सरगुजा संभाग के खिलाडि़यों के लिए 800 रुपये तथा अन्य खिलाडि़यों के लिए 1,200 रुपये निर्धारित किया गया है।

प्रतियोगिता के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 24 अगस्त 2026 निर्धारित है। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले खिलाडि़यों की सुविधा के लिए पहले 50 खिलाडि़यों को निःशुल्क छात्रावासनुमा आवास उपलब्ध कराया जाएगा।

जिला प्रशासन ने देशभर के शतरंज खिलाडि़यों एवं खेलप्रेमियों से ‘चेकमेट एट जशपुर 2026’ में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की है। यह आयोजन जशपुर को राष्ट्रीय स्तर पर शतरंज और खेल पर्यटन के नए केंद्र के रूप में पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

You might also like!