अमेरिका ने दक्षिण कोरिया को 103 एआईएम-9एक्स मिसाइलों की बिक्री को दी मंजूरी


विदेश 22 August 2026
post

अमेरिका ने दक्षिण कोरिया को 103 एआईएम-9एक्स मिसाइलों की बिक्री को दी मंजूरी

वॉशिंगटन, 22 अगस्त  अमेरिका ने दक्षिण कोरिया को एआईएम-9एक्स एयर-टू-एयर मिसाइलें और उनसे जुड़े उपकरण बेचने की मंज़ूरी दे दी है। विदेश विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी और कहा कि इस प्रस्तावित बिक्री से एशियाई सहयोगी देश की हवाई सुरक्षा क्षमता को मज़बूत करने में मदद मिलेगी।

दक्षिण कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी योनहाप के मुताबिक, विभाग ने सरकार-से-सरकार के बीच होने वाली 'फॉरेन मिलिट्री सेल' (एफएमएस) के बारे में अपने फ़ैसले की घोषणा की, जिसकी अनुमानित लागत 12.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर है। इस प्रस्तावित बिक्री के लिए कांग्रेस को सूचित करना और उसकी समीक्षा जरूरी है।

विभाग के अनुसार, दक्षिण कोरिया ने 103 एआईएम-9एक्स साइडवाइंडर ब्लॉक II टैक्टिकल मिसाइलें और 10 गाइडेंस यूनिट खरीदने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही, प्रशिक्षण से जुड़ी सामग्री और उपकरण तथा स्पेयर पार्ट्स जैसी अन्य रक्षा संबंधी चीज़ें भी मांगी गई हैं।

विभाग ने एक बयान में कहा, "यह प्रस्तावित बिक्री अमेरिका की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा के लक्ष्यों को आगे बढ़ाएगी। इससे एक प्रमुख सहयोगी देश की सुरक्षा बेहतर होगी, जो इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में राजनीतिक स्थिरता और आर्थिक प्रगति के लिए एक अहम ताकत है।"

बयान में आगे कहा गया, "इस प्रस्तावित बिक्री से दक्षिण कोरिया की हवाई सुरक्षा क्षमता बढ़ेगी, जिससे वह मौजूदा और भविष्य के खतरों का सामना करने में सक्षम होगा। साथ ही, इससे क्षेत्र में आक्रामकता को रोकने और अमेरिकी सेना के साथ मिलकर काम करने की क्षमता सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।"

विभाग ने बताया कि इस सौदे के लिए मुख्य ठेकेदार वर्जीनिया के अर्लिंग्टन में स्थित आरटीएक्स कॉर्पोरेशन होगी।

You might also like!