पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत की डुकी कोयला खदान में जहरीली गैस की चपेट में आए दो खनिकों की मौत


विदेश 23 August 2026
post

पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत की डुकी कोयला खदान में जहरीली गैस की चपेट में आए दो खनिकों की मौत

 इस्लामाबाद (पाकिस्तान), 23 अगस्त । देश के बलोचिस्तान प्रांत की डुकी कोयला खदान में शनिवार को जहरीली गैस की चपेट में आने से दो खनिकों की मौत हो गई और चार बेहोश हो गए। बचाव दल ने इसकी पुष्टि की। इससे पहले जुलाई आखिर में क्वेटा के बाहरी इलाके में धमाके से कोयला की एक खदान ढहने से 34 खनिकों की मौत हो चुकी है।

दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, शवों और बेहोश मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया गया। बचाव दल के सूत्रों ने बताया कि कोयला खदान लंबे समय से बंद थी। इससे उसमें जहरीली गैस भर गई। खदान में पहुंचते ही इसी गैस के कारण खनिकों की मौत हो गई।

इससे पहले 30 जुलाई को बलोचिस्तान की राजधानी क्वेटा के बाहरी इलाके में कोयला खदान गैस धमाके से ढह गई थी। इस हादसे में 34 खनिकों की मौत हो गई। यह हादसा क्वेटा के सोरेंज इलाके की कोयला खदान में हुआ था।धमाके के समय 42 कर्मचारी काम कर रहे थे। बाकी खनिकों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

You might also like!