शासन द्वारा नागरिक सेवाओं को सरल, सुगम एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में सेवा सेतु पोर्टल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पोर्टल एवं आधार सेवा केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को आवश्यक दस्तावेजों में सुधार सहित विभिन्न सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे नागरिकों को शासकीय कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और सेवाओं की पहुंच भी आसान हुई है।
गौरतलब है कि ग्राम महगवां, तहसील सूरजपुर निवासी श्री सुरेश चन्द कुर्रे ने अपनी पुत्री परिधि कुर्रे के लिए आय प्रमाण पत्र बनवाने हेतु छत्तीसगढ़ शासन के सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया। आवेदन के पश्चात आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए मात्र तीन दिवस में आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।
श्री सुरेश चन्द कुर्रे ने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने की प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक रही तथा निर्धारित समय में प्रमाण पत्र प्राप्त होने से उन्हें काफी सुविधा हुई।
सेवा सेतु पोर्टल शासन की नागरिक-केंद्रित एवं नागरिक हितैषी पहल के रूप में समय पर सही सेवा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। इस प्रकार की डिजिटल सेवाएं युवाओं सहित आम नागरिकों को सशक्त बनाने तथा सुशासन की अवधारणा को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने में सहायक सिद्ध हो रही हैं।

















