सप्तधारा' विकसित भारत का रोडमैप, सात क्षेत्रों में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है देश: संबित पात्रा


देश 25 August 2026
post

सप्तधारा' विकसित भारत का रोडमैप, सात क्षेत्रों में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है देश: संबित पात्रा

नई दिल्ली, 25 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने कभी यूपीआई का मजाक उड़ाया था लेकिन आज उसके आंकड़े पूरी दुनिया के सामने हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी शायद इन उपलब्धियों को समझ नहीं पाएंगे।

संबित पात्रा ने कहा, "आज यूपीआई ने 10 वर्ष पूरे कर लिए हैं और यह दुनिया का सबसे बड़ा रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम बन चुका है।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 साल पहले जब यूपीआई की परिकल्पना रखी थी, तब कांग्रेस नेताओं ने उसका उपहास उड़ाया था लेकिन आज वही प्रणाली डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में भारत की सबसे बड़ी सफलता बन गई है।

उन्होंने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री ने देश के सामने 'सप्तधारा' का विजन रखा था। यह विकसित भारत के निर्माण का रोडमैप है। किसी भी देश को आगे बढ़ाने के लिए स्पष्ट लक्ष्य की आवश्यकता होती है और सही समय पर सही नेतृत्व ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है। उन्होंने कहा कि 'सप्तधारा' के तहत मैन्युफैक्चरिंग पावर, कृषि एवं फूड प्रोसेसिंग, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन, ग्रीन एवं ब्लू इकोनॉमी, सॉफ्ट पावर, गति शक्ति और रक्षा शक्ति जैसे सात प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग में मजबूत घरेलू वैल्यू चेन, जीरो-डिफेक्ट और विश्वस्तरीय उत्पादों के निर्माण पर जोर है। कृषि क्षेत्र में दलहन-तिलहन उत्पादन, जैविक खेती और किसानों को सस्ती खाद उपलब्ध कराने की दिशा में काम हो रहा है। पात्रा ने कहा कि भारत स्पेस, क्वांटम टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यूपीआई के 10 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम बन चुका है।

उन्होंने कहा कि ग्रीन और ब्लू इकोनॉमी, योग, आयुर्वेद, सांस्कृतिक पर्यटन, सिनेमा, वी एफ एक्स और गेमिंग जैसे क्षेत्रों के माध्यम से भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हो रही है। साथ ही हाई-स्पीड रेल, आधुनिक हाईवे, इनलैंड वाटरवेज और स्वदेशी रक्षा उत्पादन के विस्तार के जरिए विकसित भारत के लक्ष्य को गति दी जा रही है।

You might also like!