भारी बारिश से प्रशासन अलर्ट, नदी-नालों और पुल-पुलियों पर बढ़ाई गई निगरानी


शहर 19 August 2026
post

भारी बारिश से प्रशासन अलर्ट, नदी-नालों और पुल-पुलियों पर बढ़ाई गई निगरानी

बलरामपुर, 19 अगस्त  बलरामपुर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। बारिश के कारण नदी-नालों और जलस्रोतों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तालाब, एनीकट, बांध, नहर और पुल-पुलियों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रशासन के निर्देश पर जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति का जायजा ले रहे हैं। जलस्रोतों के जलस्तर, एनीकट और बांध से पानी के बहाव के साथ पुल-पुलियों की स्थिति की नियमित निगरानी की जा रही है।

संभावित जलभराव और जोखिम वाले क्षेत्रों में आवश्यक सावधानी बरतने के लिए स्थानीय स्तर पर लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराकर नदी-नालों, एनीकट, बांध और पुल-पुलियों के आसपास नहीं जाने की समझाइश दी जा रही है।

भारी बारिश के दौरान निचले और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने और जरूरत पड़ने पर बिना देरी के कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों, बांध, एनीकट और जलभराव वाले स्थानों के पास जाने से बचें। पुल-पुलियों के ऊपर या आसपास पानी का बहाव होने की स्थिति में जोखिम न लें और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

प्रशासन का कहना है कि बारिश के दौरान जिले की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

You might also like!