बलरामपुर : अब तक की सबसे बड़ी गांजा जब्ती, 10 करोड़ का गांजा जब्त, मुख्य आरोपित गिरफ्तार


शहर 12 June 2026
post

बलरामपुर : अब तक की सबसे बड़ी गांजा जब्ती, 10 करोड़ का गांजा जब्त, मुख्य आरोपित गिरफ्तार


बलरामपुर, 12 जून । बलरामपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आज शुक्रवार को जिले के थाना बसंतपुर पुलिस ने एंड-टू-एंड (E2E) कार्रवाई के दौरान लगभग 10 करोड़ रुपये मूल्य का 1941 किलो 110 ग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनमें अंतरराज्यीय तस्करी प्रकरण का मुख्य आरोपित भी शामिल है। गांजा परिवहन में प्रयुक्त 50 लाख रुपये कीमत का 16 चक्का ट्रक भी जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 10 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है। यह जिले में अब तक की सबसे बड़ी गांजा जब्ती मानी जा रही है।

बलरामपुर पुलिस के द्वारा आज जारी विज्ञप्ति के अनुसार, गांजे की बड़ी खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक जितेंद्र सोनी को सूचना मिली थी कि पूर्व के एक मामले का मुख्य आरोपित क्षेत्र में सक्रिय है और बड़ी मात्रा में गांजा परिवहन की तैयारी कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने 11-12 जून की रात बसंतपुर क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रक से 62 पैकेट गांजा बरामद हुआ। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग 30 किलोग्राम था। कुल 1941 किलो 110 ग्राम गांजा मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन सहित पूरा माल जब्त कर लिया।

मामले में पुलिस ने लोकेश शर्मा (46 वर्ष), निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) तथा आमिर अंसारी (23 वर्ष), निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि, लोकेश शर्मा पूर्व में बसंतपुर थाना क्षेत्र में दर्ज गांजा तस्करी के एक मामले में भी आरोपित रहा है। वर्ष 2025 में दर्ज प्रकरण में उसके ट्रक से 1198.460 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। पुलिस के अनुसार वर्तमान कार्रवाई में जब्त ट्रक भी उसके नाम पर पंजीकृत पाया गया है।

लगातार निगरानी के बाद मिली सफलता

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपितों की गतिविधियों पर लंबे समय से निगरानी रखी जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली। प्रारंभिक जांच में यह मामला अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों के अवैध परिवहन से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस ने यह महत्वपूर्ण कार्रवाई की है।

मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 93/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार एक ही कार्रवाई में 1941.110 किलोग्राम गांजा, 50 लाख रुपये मूल्य का ट्रक तथा कुल 10.50 करोड़ रुपये के मशरूका की जब्ती जिले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। इस कार्रवाई से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

You might also like!